मुंबई। सोने में निवेश करने वाले लोगों के लिए अब ट्रेडिंग का अनुभव और आसान होने जा रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया ने आज से इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स यानि ईजीआर सेगमेंट में लाइव ट्रेडिंग शुरू कर दी है। कंपनी का कहना है कि इससे निवेशकों को डिजिटल तरीके से गोल्ड ट्रेडिंग करने में ज्यादा सुविधा मिलेगी।
इससे पहले 16 मई को मॉक ट्रेडिंग कर सिस्टम की जांच की गई थी, जो बिना किसी तकनीकी दिक्कत के सफलतापूर्वक पूरी हुई। इसके बाद अब लाइव ट्रेडिंग भी सुचारु तरीके से शुरू हो गई है।
ईजीआर प्लेटफॉर्म को बाजार से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। फिलहाल अहमदाबाद और मुंबई में वॉल्टिंग और कलेक्शन सेंटर शुरू हो चुके हैं। वहीं, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरु में भी नए सेंटर शुरू किए जा रहे हैं।
एनएसई का कहना है कि आने वाले समय में इस नेटवर्क को चरणबद्ध तरीके से देशभर में बढ़ाया जाएगा। भविष्य में करीब 120 सेंटर शुरू करने की योजना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा निवेशकों तक यह सुविधा पहुँच सके।
एक्सचेंज ने ईजीआर लॉन्च को सफल बनाने के लिए सभी मार्केट पार्टिसिपेंट्स, इंटरमीडियरीज़ और इकोसिस्टम पार्टनर्स का आभार भी व्यक्त किया।