तिल्दा-नेवरा। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर तिल्दा-नेवरा के ग्राम सासाहोली में आदिवासी ध्रुव गोंड समाज, झिरिया परिक्षेत्र के तत्वावधान में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला डाक्टर खुमान वर्मा रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता आदिवासी ध्रुव गोंड समाज झिरिया परिक्षेत्र के अध्यक्ष मनीराम ध्रुव ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह भगवान बूढ़ादेव की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद ग्राम सासाहोली स्थित गौरा-गौरी चौक से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए शीतला मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यात्रा रेस्ट हाउस होते हुए गांधी चौक पहुंची और वहां से वापस गौरा-गौरी चौक पहुंचकर गौरा-गौरी की स्थापना की गई।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला डाक्टर खुमान वर्मा ने विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं और प्रकृति से जुड़ाव हमारी अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा समाज की एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
विशेष अतिथि नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा की पार्षद रानी सौरभ जैन ने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास गौरवशाली और सदियों पुराना है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ समाज ने अपनी समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत रखा है। उन्होंने इन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सभी की जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में नगर पालिका के सभापति ईश्वर यदु, नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के सभापति विनोद नेताम, आदिवासी ध्रुव गोंड समाज झिरिया परिक्षेत्र के उपाध्यक्ष केशव ध्रुव, प्रदेश सह-सचिव कृष्णा कुंजाम सहित समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मंगल कलश यात्रा और पूजा-अर्चना के बाद गांधी चौक में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘मोर मयारू माटी’ कर्मा नर्तक दल, नवागांव मुसवाडीह द्वारा कर्मा गीत एवं नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया और पूरा माहौल आदिवासी संस्कृति के रंग में रंग गया।
