CG | Thu, 06 August 2026

No Ad Available

AI की मदद से रचा प्रेमिका के भाई के कत्ल का खौफनाक प्लान, इंजीनियरिंग छात्र गिरफ्तार

21 Jun 2026 | WEENEWS DESK | 32 views
AI की मदद से रचा प्रेमिका के भाई के कत्ल का खौफनाक प्लान, इंजीनियरिंग छात्र गिरफ्तार

सीवान। AI Murder Plan: बिहार के सीवान जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक इंजीनियरिंग छात्र ने अपनी प्रेमिका के भाई की हत्या करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने न केवल हत्या की पूरी योजना तकनीक की मदद से बनाई, बल्कि वारदात के दौरान ऑडियो रिकॉर्डिंग भी की, जिसे वह अपनी प्रेमिका को सुनाना चाहता था।

मामला नबीगंज थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव का है। मृतक की पहचान कमरे आलम (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में शाहनवाज आलम को गिरफ्तार किया है, जो इंजीनियरिंग का छात्र है और छुट्टियों में गांव आया हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया कि शाहनवाज का मृतक की बहन के साथ प्रेम संबंध था, जिसका कमरे आलम लगातार विरोध कर रहा था।

पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के मुताबिक, इसी नाराजगी में आरोपी ने अपने नाबालिग भाई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने AI टूल्स की मदद से हत्या के तरीके और योजना से जुड़ी जानकारी जुटाई थी। वारदात के दौरान उसने घायल करने के बाद मृतक के मुंह पर मिट्टी डाल दी, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि शाहनवाज ने हत्या के समय पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग की थी और वह इसे अपनी प्रेमिका को सुनाकर बताना चाहता था कि उसके भाई की हत्या कैसे की गई।

घटना का खुलासा तब हुआ जब गश्त कर रही पुलिस टीम को दो युवक संदिग्ध हालत में भागते दिखाई दिए। उनके कपड़ों पर मिट्टी लगी होने से पुलिस को शक हुआ। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके नाबालिग भाई को बाल न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए भेजा गया है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.