कार नदी में बहे 4 साल के प्रिंशु का 20 घंटे बाद भी सुराग नहीं
एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने 8 से 10 किमी क्षेत्र में चलाया सर्च ऑपरेशन, तेज बहाव से तलाश में आ रही दिक्कत
सिहोरा
मझौली थाना क्षेत्र के कुम्हरवाड़ा गांव में कार नदी के पुराने पुल के पास रविवार देर शाम नदी में बहे 4 वर्षीय प्रिंशु पटेल का 20 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह करीब 10 बजे एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के साथ बोट की मदद से तलाश शुरू की। करीब छह घंटे तक 8 से 10 किलोमीटर के नदी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन प्रिंशु का कोई सुराग नहीं मिला।
नारियल उठाने के दौरान हुआ हादसा
प्रिंशु गांव निवासी लक्ष्मण सिंह पटेल का बेटा है। रविवार शाम वह दोस्तों के साथ कार नदी के पुराने पुल के पास खेल रहा था। इसी दौरान पुल पर बहता हुआ नारियल देखकर प्रिंशु उसे उठाने के लिए नदी किनारे पहुंचा। पैर फिसलने से वह तेज बहाव में जा गिरा। दोस्तों ने घटना देखी और घबराकर गांव पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी।
अंधेरा होने से रोकनी पड़ी तलाश
परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मझौली पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। थाना प्रभारी नेहरू सिंह खंडाते ने बताया कि नदी में पानी अधिक होने और तेज बहाव के कारण तलाश में काफी दिक्कत आ रही है। टीम लगातार प्रिंशु की तलाश कर रही है।