बिलासपुर। CG ACCIDENT: तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलासपुर-उरगा सड़क पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ अरपा नदी पर बन रहे पुल के पास चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही कार अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन ब्रिज के अधूरे हिस्से से सीधे 30 फीट नीचे जा गिरी। हवा में उछलकर गिरी कार के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर पुल और सड़क का निर्माण कार्य अधूरा है और आगे रास्ता बंद होने की जानकारी कार सवार युवकों को नहीं थी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने निर्माण कार्य में बरती जा रही घोर लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि अधूरे मार्ग पर न तो पर्याप्त संकेतक लगाए गए थे और न ही सुरक्षा के लिए कोई बैरिकेडिंग की गई थी।