सक्ती। CG Breaking : जिले के सिंघीतराई स्थित Vedanta Limited के पावर प्लांट में मंगलवार को एक भीषण हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट के बॉयलर में अचानक विस्फोट हो गया, जिसके बाद आग और धुएं का गुबार फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय प्लांट परिसर में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे (Massive explosion at Vedanta Power Plant)। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के श्रमिक घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हादसे में करीब 30 से 40 मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सूत्रों के अनुसार कुछ मजदूरों की मौत की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में भगदड़ मच गई थी। कई मजदूर झुलस गए हैं, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। राहत टीम द्वारा घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम को भी लगाया गया है। प्रारंभिक तौर पर बॉयलर फटने को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा (Massive explosion at Vedanta Power Plant)।
इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल प्रशासन की ओर से घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, आधिकारिक आंकड़ों और विस्तृत जानकारी का सभी को इंतजार! (Massive explosion at Vedanta Power Plant)