CG | Thu, 06 August 2026

No Ad Available

CG NEWS : बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र में दंतैल हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत, इलाके में दहशत का माहौल

25 May 2026 | WEENEWS DESK | 59 views
CG NEWS : बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र में दंतैल हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत, इलाके में दहशत का माहौल

बलौदाबाजार। CG NEWS : जिले के बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र में रविवार देर रात एक दंतैल हाथी के हमले में 55 वर्षीय ग्रामीण जहरु राम नेताम की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपए प्रदान किए गए हैं, जबकि शेष मुआवजा शासन के नियमानुसार दिया जाएगा।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच ग्राम दोंद में यह हादसा हुआ। पिछले कुछ दिनों से मुरुमडीह क्षेत्र में एक दंतैल हाथी की गतिविधियां लगातार देखी जा रही थीं। हाथी खेतों और ग्रामीण इलाकों की ओर बढ़ रहा था, जिस पर वन विभाग, हाथी मित्र दल और स्थानीय ग्रामीण लगातार नजर बनाए हुए थे। इसी दौरान जहरु राम नेताम अचानक हाथी के संपर्क में आ गए और हाथी ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर हमले के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाथी खलिहानों के रास्ते पहाड़ी इलाके की ओर चला गया, जिसकी निगरानी वन विभाग लगातार कर रहा है।

हाथी की संभावित गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने मुड़पार, दोंद, सुरबाय, पांडादाह, गुढ़ागढ़, भिभौरी, बफरा, बार और हरदी समेत आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों को मुनादी, अलर्ट सिस्टम और हाथी मित्र दल के माध्यम से लगातार सतर्क किया जा रहा है।

वनमंडलाधिकारी ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हाथी दिखने पर उसके पास जाने या उसे उकसाने की कोशिश बिल्कुल न करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या हाथी मित्र दल को सूचना दें और अकेले जंगल या हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें, ताकि मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके।

 


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.