गरियाबंद। CG News : जिले के छुरा और फिंगेश्वर तहसील क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के कारण छुरा-कुसमी मार्ग पर बरसाती नाले पर बना कोसुमबूड़ा पुल टूट गया, जिससे क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों का छुरा मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया।
जानकारी के अनुसार, यह पुल कई वर्ष पहले बरसाती नाले पर बनाया गया था। लगातार हो रही बारिश के चलते नाले में जलस्तर बढ़ने से पुल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। इसके बाद नवापारा, सारागांव, दुल्ला, चुरकीदादर, बम्हनी सहित आसपास के 10 से ज्यादा गांवों के लोगों की आवाजाही बाधित हो गई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुल लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। वे पुराने पुल को डिस्मेंटल कर नए और मजबूत पुल के निर्माण की मांग लगातार करते आ रहे थे, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण अब यह पुल पूरी तरह टूट गया।
इधर, लगातार हो रही बारिश से छुरा और फिंगेश्वर क्षेत्र के कई घरों में पानी घुस गया है। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और कई मार्गों पर आवागमन भी ठप हो गया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
