CG | Fri, 07 August 2026

No Ad Available

CG News : माओवादियों की साजिश बेनकाब, जंगल में छिपाकर रखे हथियारों का जखीरा बरामद

21 Jan 2026 | WEENEWS DESK | 59 views
CG News : माओवादियों की साजिश बेनकाब, जंगल में छिपाकर रखे हथियारों का जखीरा बरामद

CG News : धमतरी जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित महिला नक्सली की निशानदेही पर डीआरजी नगरी सिहावा के जंगल में छिपाकर रखे गए माओवादियों के हथियारों का डम्प बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक ऑटोमेटिक राइफल सहित कुल तीन बंदूकें और मैग्जीन जप्त की गई हैं।

ये भी पढ़ें :CG Breaking : धान खरीदी की तारीख बढ़ेगी? सीएम साय कैबिनेट की बैठक शुरू

आईजी रेंज रायपुर अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं एसपी धमतरी के निर्देशन में जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सतत सर्चिंग और मजबूत खुफिया तंत्र के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जनवरी 2026 में पांच लाख की इनामी महिला नक्सली भूमिका उर्फ गीता उर्फ लता उर्फ सोमारी ने छत्तीसगढ़ शासन एवं धमतरी पुलिस की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर माओवादी संगठन छोड़ दिया था। मुख्यधारा में लौटने के बाद उसके द्वारा दी गई अहम सूचना के आधार पर माओवादियों द्वारा छुपाए गए हथियारों का डम्प बरामद किया गया।

डीआरजी धमतरी की टीम ने नगरी सिहावा क्षेत्र के दौड़पंडरीपानी के जंगल क्षेत्र में विशेष नक्सल सर्च अभियान चलाया। इस दौरान जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर, ऊपर से पत्तियों और प्राकृतिक सामग्री से ढककर छुपाए गए हथियार बरामद किए गए, ताकि वे सुरक्षा बलों की नजर से बचे रह सकें।

बरामद सामग्री

एसएलआर 7.62 एमएम ऑटोमेटिक राइफल – 1 नग (सीलिंग सहित), एसएलआर की दो खाली मैग्जीन, 12 बोर बंदूक – 1 नग (सीलिंग सहित), भरमार बंदूक – 1 नग (सीलिंग सहित)

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी नक्सल उन्मूलन अभियान में धमतरी पुलिस और डीआरजी की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे माओवादियों की हिंसक गतिविधियों को कमजोर करने में मदद मिलेगी। साथ ही यह भी स्पष्ट होता है कि आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रही है।

धमतरी पुलिस ने माओवादियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर शासन की आत्मसमर्पण नीति का लाभ लें और शांति, विकास एवं मुख्यधारा से जुड़ें। नक्सल उन्मूलन के लिए इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।

 

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Latest

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.