CG | Thu, 06 August 2026

No Ad Available

CG NEWS : तीन मंजिला इमारत से नीचे गिरे प्रेमी – प्रेमिका, युवक की मौत, युवती घायल

22 Apr 2026 | WEENEWS DESK | 75 views
CG NEWS : तीन मंजिला इमारत से नीचे गिरे प्रेमी – प्रेमिका, युवक की मौत, युवती घायल

बिलासपुर। CG NEWS : जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से बड़ी खबर समाने आई है। जहां अभिलाषा परिसर की EWS बिल्डिंग की तीन मंजिला इमारत की छत से एक युवक और युवती नीचे गिर गए, जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से युवती को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। युवक को भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और वे एक-दूसरे को जानते थे। घटना के पीछे क्या कारण रहा, इसको लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर कोई अन्य परिस्थिति में दोनों छत से गिरे।

घटना के समय इमारत के आसपास मौजूद लोगों का कहना है कि अचानक जोर की आवाज आई, जिसके बाद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों को छत पर पहले भी देखा गया था, हालांकि इस संबंध में पुलिस आधिकारिक पुष्टि करने में जुटी हुई है।

पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp