बलौदा बाजार। CG NEWS: बलौदा बाजार जिले के पलारी स्थित करीब 1200 वर्ष पुराने प्राचीन सिद्धेश्वर मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज से कांवड़ लेकर पहुंचे भक्तों ने भगवान सिद्धेश्वर का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन के तीसरे सोमवार को पलारी के प्राचीन सिद्धेश्वर मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इनमें बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और कांवड़िए भी शामिल रहे। दिनभर मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते सिद्धेश्वर मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र मेले जैसा नजर आया।
शाम को सिद्धेश्वर युवा मंच की ओर से भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। विधायक संदीप साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे। महाआरती से पहले बालसमुंद के तट पर मां गंगा की आरती की गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज, हाथों में मशाल और आरती की थाल लिए श्रद्धालुओं का दृश्य बेहद भव्य और आध्यात्मिक नजर आया।
इसके बाद बालसमुंद तट पर भगवान महाकाल की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया गया। मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच महाआरती संपन्न हुई। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। वहीं देर रात तक भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन चलता रहा।