CG | Thu, 06 August 2026

No Ad Available

CG NEWS: बारिश ने खोली जर्जर अंबेडकर आवास की पोल, छज्जा गिरने से मची दहशत

06 May 2026 | WEENEWS DESK | 38 views
CG NEWS: बारिश ने खोली जर्जर अंबेडकर आवास की पोल, छज्जा गिरने से मची दहशत

रायगढ़। CG NEWS: रायगढ़ चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित आईटीआई अंबेडकर आवास में मंगलवार देर शाम हुई तेज बारिश ने प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोलकर रख दी। लंबे समय से जर्जर हालत में खड़े इस आवासीय परिसर का एक बड़ा छज्जा अचानक भरभरा कर गिर गया, जिससे नीचे रह रहे लोगों के वाहन, मशीनें और घरेलू सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसे ने पूरे इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

छज्जा गिरने के बाद पहली मंजिल पर रहने वाले लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। रास्ता अवरुद्ध होने के कारण कई परिवार अपने कमरों में ही कैद होकर रह गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि भवन की स्थिति लंबे समय से बेहद खराब है, जिसकी शिकायत कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब वार्ड क्रमांक 24 की पार्षद को सूचना देने पर उन्होंने मौके पर आने के बजाय वीडियो भेजने की बात कही। इससे नाराज लोगों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।

अंबेडकर आवास में रहने वाले करीब सैकड़ों परिवार बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन कर रहे हैं। सफाई, बिजली, जल निकासी और सुरक्षा जैसे मुद्दे लंबे समय से अनसुलझे हैं। बारिश के बाद हालात और भी खराब हो गए हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द भवन की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में रह सकें।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.