गरियाबंद/देवभोग। CG NEWS: गरियाबंद जिले के देवभोग विकासखंड अंतर्गत मुड़ागांव में गुरुवार को सीसी सड़क निर्माण की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश के नेतृत्व में नेशनल हाईवे-130सी जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद जाम समाप्त कराया गया।
प्रदर्शन के दौरान कई बार पुलिस और आंदोलनकारी महिला-पुरुषों के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प भी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि करलाकोट गांव तक जाने वाली सड़क बरसात में पूरी तरह कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है। यही गांव की एकमात्र सड़क है, जिसके कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, स्कूली बच्चों के आवागमन और रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
धरना-प्रदर्शन के बीच कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ गांव के भीतर जाकर सड़क की बदहाली का जायजा लिया और राज्य सरकार पर विकास के दावों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेताओं की मांगें भी पूरी नहीं हो रही हैं, तो आम जनता की समस्याओं की सुनवाई किस तरह होगी। उन्होंने क्षेत्र में विकास के दावों को खोखला बताते हुए सड़क निर्माण की मांग का समर्थन किया।
वहीं भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर लोगों को हाईवे जाम कर आंदोलन करना पड़ा। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और भरोसा दिलाया कि उनकी मांग को शासन स्तर तक भेजकर जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर हाईवे से जाम हटा दिया।