CG | Thu, 06 August 2026

No Ad Available

CG NEWS: घाटोली चौक में दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत के बाद चक्का जाम

14 May 2026 | WEENEWS DESK | 39 views
CG NEWS: घाटोली चौक में दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत के बाद चक्का जाम

जांजगीर-चांपा। CG NEWS: चांपा नगर के हाईवे मार्ग स्थित घाटोली चौक में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया। घटना के चलते हाईवे मार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर नंबर की एक हाइवा वाहन को उसका चालक बैक कर रहा था। इसी दौरान ग्राम हाथनेवरा निवासी आकाश पटेल पिता शैलेंद्र पटेल उम्र लगभग 25 वर्ष वाहन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि हाइवा चालक ने पीछे करते समय लापरवाही बरती, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से नाराज लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराने की कोशिश की। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस द्वारा हाइवा वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.