बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर दंपती से मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के सरपंच समेत कुछ लोगों ने घर में घुसकर पति-पत्नी के साथ लाठी, पाइप और अन्य सामान से मारपीट की और घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया।
घटना के बाद पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद सीपत पुलिस ने सरपंच समेत 9 नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम गुड़ी छुईहापारा निवासी लखनलाल साहू ने शिकायत में बताया कि 29 जुलाई की रात बिजली बंद होने के कारण वह घर में सो रहा था, जबकि उसकी पत्नी प्रतिमा जानवरों को चारा दे रही थी। इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू सहित गांव के अन्य लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने पति-पत्नी के साथ लाठी, चैन, पाइप, लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर लखनलाल के बड़े भाई और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। मारपीट के साथ घर में तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप है। पीड़ित के मुताबिक घटना में आलमारी, कूलर, टीवी और सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद लखनलाल ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की।
एसएसपी रजनेश सिंह के संज्ञान में मामला आने के बाद जांच के निर्देश दिए गए। जांच के बाद सीपत पुलिस ने सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू, जगेश्वर साहू, नरोत्तम साहू, शुभम साहू, रेवती साहू, लक्की साहू, लल्लन साहू, गंभरू विश्वकर्मा और पूजा साहू समेत अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। मामले में अब आगे की कार्रवाई की जा रही है।