गरियाबंद। CG NEWS: नीट (NEET) परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में सोमवार को गरियाबंद के युवाओं एवं विद्यार्थियों ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम नायब तहसीलदार अवंतिका गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा की निष्पक्ष जांच कराए जाने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज प्रकरण वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच आवश्यक है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कथित अनियमितताओं से छात्रों का शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफा दिलाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही आंदोलन में शामिल छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई निरस्त करने की मांग भी उठाई। ज्ञापन में मानसिक तनाव के कारण जान गंवाने वाले विद्यार्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा लाठीचार्ज में घायल छात्रों का निजी अस्पतालों में निशुल्क एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल रही।
युवा प्रतिनिधियों ने कहा कि देश के भविष्य कहे जाने वाले छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।