CG | Thu, 06 August 2026

No Ad Available

CG Weather Update: अंधड़-बारिश से बदला मौसम, छत्तीसगढ़ में गर्मी से राहत; अगले 2 दिन तेज तूफान का अलर्ट

06 May 2026 | WEENEWS DESK | 39 views
CG Weather Update: अंधड़-बारिश से बदला मौसम, छत्तीसगढ़ में गर्मी से राहत; अगले 2 दिन तेज तूफान का अलर्ट

रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार शाम तेज अंधड़ और झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली।

बारिश और तेज हवाओं के कारण उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। पूरे प्रदेश में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मंगलवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

वहीं दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रह सकता है। विभाग ने कई स्थानों पर बिजली गिरने और अंधड़ चलने की चेतावनी भी जारी की है।

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होने से प्रदेश का मौसम प्रभावित हो रहा है। कश्मीर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

इसके अलावा दक्षिण मध्य प्रदेश से बिहार तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए द्रोणिका गुजर रही है, जिसका असर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। इसी वजह से कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक 6 मई को रायपुर शहर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.