CG | Thu, 06 August 2026

No Ad Available

CRIME NEWS: एक सिगरेट के लिए 17 साल के किशोर की हत्या, पुलिस बूथ से चंद कदम दूर चाकूबाजी

23 Feb 2026 | WEENEWS DESK | 73 views
CRIME NEWS: एक सिगरेट के लिए 17 साल के किशोर की हत्या, पुलिस बूथ से चंद कदम दूर चाकूबाजी

नई दिल्ली। CRIME NEWS: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस बूथ से महज 30 मीटर की दूरी पर स्थित एक पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लालू के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार लालू देर शाम बाथरूम के लिए पास के पार्क में गया था। पार्क में अंधेरा था और वहां पहले से 3-4 नाबालिग लड़के मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने लालू से सिगरेट मांगी। सिगरेट देने से इनकार करने पर कहासुनी हुई और देखते ही देखते आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लालू को स्थानीय लोगों ने तुरंत संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मंगोलपुरी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जिले के डीसीपी सचिन शर्मा के अनुसार, वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को कुछ ही देर में पकड़ लिया गया। सभी आरोपी भी नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।

परिजनों का कहना है कि लालू अपने रिश्तेदार के यहां घूमने आया था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। प्रारंभिक जांच में मामला मामूली विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस बूथ के इतने करीब इस तरह की वारदात ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब पुलिस चौकी के पास ऐसी घटना हो सकती है तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Latest

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.