CG | Sat, 08 August 2026

No Ad Available

Gariaband News : धान तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, तहसीलदार ने पकड़ी 55 बोरी अवैध धान से भरी पिकअप

09 Oct 2025 | WEENEWS DESK | 148 views
Gariaband News : धान तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, तहसीलदार ने पकड़ी 55 बोरी अवैध धान से भरी पिकअप

गरियाबंद। जिले के सीमावर्ती इलाकों में धान तस्करी का खेल शुरू हो गया है। ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में अवैध रूप से धान लाने की कोशिश लगातार बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में अमलीपदर तहसीलदार सुशील कुमार भोई ने छैलडोंगरी के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धान परिवहन करते एक पिकअप वाहन (CG 07 AY 0762) को जब्त किया।

वाहन से करीब 55 बोरी धान बरामद किया गया है। जांच में चालक कोई दस्तावेज़ या वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद तहसीलदार ने वाहन और धान को देवभोग थाना के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा सीमा से हर दिन ऐसे सैकड़ों वाहन छत्तीसगढ़ में दाखिल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह धान यहां के गोदामों और किसानों के नाम पर रखकर बाद में सरकारी खरीदी के दौरान समर्थन मूल्य में बेचने की योजना बनाई जाती है।

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि इस अवैध कारोबार में कुछ कर्मचारी और दलालों की मिलीभगत की भी आशंका है। कई जगह किसानों के पट्टे गिरवी रखकर धान खरीदी के नाम पर तस्करी को अंजाम दिया जा रहा है।

फिलहाल तहसीलदार की यह कार्रवाई धान सीजन की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में प्रशासन इस तस्करी पर रोक लगाने के लिए कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.