CG | Thu, 06 August 2026

No Ad Available

India A vs Sri Lanka A Final: फाइनल में गरजेगा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला? श्रीलंका से हिसाब चुकता करने को तैयार भारत का युवा स्टार

21 Jun 2026 | WEENEWS DESK | 44 views
India A vs Sri Lanka A Final: फाइनल में गरजेगा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला? श्रीलंका से हिसाब चुकता करने को तैयार भारत का युवा स्टार

दांबुला। India A vs Sri Lanka A Final: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच रविवार को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में सभी की नजरें भारतीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। आईपीएल 2026 में अपने तूफानी प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले 15 वर्षीय बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन फाइनल में उनके पास खुद को साबित करने और श्रीलंका से पुराना हिसाब चुकता करने का सुनहरा मौका होगा।

दरअसल, लीग चरण में भारत ए को श्रीलंका ए के खिलाफ सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा था। मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच मैदान पर तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली थी। इस दौरान वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलंबेज आमने-सामने आ गए थे। ऐसे में फाइनल मुकाबला सिर्फ खिताब की लड़ाई नहीं, बल्कि सम्मान और बदले की जंग भी माना जा रहा है।

वैभव सूर्यवंशी ने इस टूर्नामेंट में अब तक 4 मैचों में 117 रन बनाए हैं। उन्होंने 14, 44, 21 और 38 रन की पारियां खेली हैं। हालांकि आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था, जहां उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाकर 72 छक्के लगाए थे। उनके इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय सीनियर टीम में भी जगह मिली है।

फाइनल मुकाबलों में वैभव का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने अब तक तीन बड़े यूथ टूर्नामेंट के फाइनल खेले हैं, जिनमें कुल 210 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में आया था, जहां उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर इतिहास रच दिया था। यही वजह है कि भारतीय फैंस को एक बार फिर उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या वैभव सूर्यवंशी फाइनल में अपने बल्ले से जवाब देकर भारत ए को खिताब दिला पाते हैं या नहीं। दांबुला के मैदान पर आज युवा स्टार के प्रदर्शन पर पूरे क्रिकेट जगत की नजरें रहेंगी।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.