CG | Thu, 06 August 2026

No Ad Available

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, पेट्रोल पंप पर गूंजे सरकार विरोधी नारे,गले में खाली बोतलों की माला पहन शहर अध्यक्ष सोनवानी ने खोला मोर्चा,कहा – पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान

17 May 2026 | WEENEWS DESK | 48 views
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, पेट्रोल पंप पर गूंजे सरकार विरोधी नारे,गले में खाली बोतलों की माला पहन शहर अध्यक्ष सोनवानी ने खोला मोर्चा,कहा – पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान

गरियाबंद। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में रविवार को गरियाबंद में कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन कर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शहर के पेट्रोल पंप पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में खाली जरीकैन और तख्तियां लेकर पहुंचे, जबकि शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सोनवानी ने गले में खाली बोतलों की माला पहनकर महंगाई के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन को देखने बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे रहे।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री और सराफा बाजार में लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पहुंचकर आम लोगों से संवाद भी किया और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सोनवानी ने कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण हर वर्ग परेशान है। पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिसका असर सीधे रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है और यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

दरअसल, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 17 मई से 20 मई तक प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर पहले दिन पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पेट्रोल पंपों में प्रदर्शन किया गया। आगामी दिनों में किराना बाजार और सराफा बाजार में भी कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.