बिलासपुर। New traffic rules: बिलासपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और आंतरिक क्षेत्रों में गति सीमा के संकेतक बोर्ड लगाने का अभियान शुरू किया है। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि तय गति सीमा से अधिक वाहन चलाने पर ऑनलाइन कार्रवाई की जाएगी।
यातायात ASP रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर के आंतरिक मार्गों पर अधिकतम गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, कलेक्ट्रेट और शासकीय कार्यालयों के आसपास वाहनों की अधिकतम गति 20 किलोमीटर प्रति घंटा, तथा मोहल्लों, गलियों व रिहायशी क्षेत्रों में 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा तय कर इन स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं।
प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली के जरिए नियम तोड़ने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ऑनलाइन माध्यम से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का स्वेच्छा से पालन करें ताकि स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।