CG | Tue, 16 June 2026

No Ad Available

RAIPUR NEWS: नया रायपुर को मिली बड़ी सौगात: सेक्टर-19 के पर्यावास भवन में खुलेगा तहसील दफ्तर

16 Jun 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 2 views
RAIPUR NEWS: नया रायपुर को मिली बड़ी सौगात: सेक्टर-19 के पर्यावास भवन में खुलेगा तहसील दफ्तर

रायपुर। RAIPUR NEWS: नया रायपुर (अटल नगर) में लंबे समय से प्रतीक्षित तहसील दफ्तर के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार यह तहसील कार्यालय सेक्टर-19 स्थित पर्यावास भवन में शुरू किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं और प्रशासनिक स्तर पर जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। तहसील दफ्तर खुलने के बाद नया रायपुर और आसपास के 39 गांवों के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब तक इन क्षेत्रों के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए रायपुर और जिले के अन्य तहसील कार्यालयों तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों का नुकसान होता था।

नवा रायपुर (अटल नगर) को पहले ही स्वतंत्र तहसील का दर्जा दिया जा चुका है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा दिसंबर 2025 में इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई थी। यह कदम जिले में प्रशासनिक ढांचे के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई तहसील में 6 राजस्व निरीक्षक मंडल शामिल किए गए हैं, जिनमें पलौद, मंदिर हसौद, केंद्री, तोरला, सेरीखेरी, रायपुर-18 और कांदुल क्षेत्र आते हैं। इसके साथ ही 20 पटवारी हल्कों को भी इसमें शामिल किया गया है, जिनमें विभिन्न गांव और क्षेत्रीय हल्के जैसे पलौद 20, 21, 23, 24, 25, 26, मंदिर हसौद 15 और 22, केंद्री 13 से 19, तोरला 01 और 02, सेरीखेरी 16, 39, 40, रायपुर-18 और कांदुल 51 प्रमुख हैं।

इसके अलावा नए तहसील क्षेत्र में कुल 39 गांवों को शामिल किया गया है। इनमें पलौद, परसदा, पसौद, रीको, सेंद, चीचा, चरौदा, रमचंडी, कबाबांधा, झांझ, नवागांव, खपरी, कुहेरा, राखी कोटनी, कोटारभाठा, तांदुल, मंदिर हसौद, छतौना, केंद्री, बेंदी, परसट्ठी, निमोरा, उपरवारा, तुता, झांकी, खंडवा, भेलवाडीह, पचेरा, तोरला, चेरिया, पौता, बंजारी, तेंदुआ, कुर्रा, सेरीखेरी, नकटी, टेमरी, धरमपुरा, बनरसी, रायपुर-18, कांदुल और माना शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, इस नई व्यवस्था से ग्रामीणों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। जाति, निवास, भूमि रिकॉर्ड, नामांतरण, सीमांकन और अन्य दस्तावेजों के लिए स्थानीय स्तर पर ही सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे आम जनता का समय बचेगा और व्यवस्था अधिक सरल होगी।

अधिसूचना जारी होने के बाद इस क्षेत्र के ग्रामों को शामिल करने को लेकर सुझाव और दावा-आपत्तियां भी मंगाई गई थीं। इसके लिए 60 दिनों का समय दिया गया था। सूत्रों के अनुसार इस अवधि में कुछ आपत्तियां और सुझाव प्राप्त हुए थे, जिनका निपटारा कर दिया गया है। रायपुर जिले की वर्तमान तहसील रायपुर, मंदिर हसौद, गोबरा नवापारा और अभनपुर की सीमाओं में संशोधन कर नवा रायपुर अटल नगर तहसील का गठन किया गया है। नया रायपुर में तहसील दफ्तर के संचालन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जारी हैं, हालांकि इसके

औपचारिक शुभारंभ की तारीख अभी तय नहीं हुई है। अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने बताया कि एनआरडीए द्वारा स्थान चिन्हांकित कर लिया गया है और आगे की प्रक्रिया प्रगति पर है। स्थानीय लोगों में इस घोषणा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से वे नजदीकी प्रशासनिक सुविधा की मांग कर रहे थे। उम्मीद की जा रही है कि तहसील कार्यालय शुरू होने के बाद क्षेत्रीय विकास और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.