रायपुर। राजधानी रायपुर के खनिज नगर क्षेत्र में रविवार को नन्हे शिवभक्तों की आस्था और उत्साह का अनूठा नजारा देखने को मिला। 2.5 वर्ष से 10 वर्ष तक के छोटे-छोटे बच्चों ने राम मंदिर से मौलश्री विहार स्थित शिव मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कांवड़ यात्रा में शामिल बच्चे भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ आगे बढ़ते रहे। बच्चों के साथ उनके माता-पिता भी पूरे मार्ग में शामिल रहे और उनका उत्साहवर्धन करते हुए यात्रा को सफल बनाया।
पूरे मार्ग में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। रंग-बिरंगी कांवड़ लिए नन्हे श्रद्धालुओं ने शिव भक्ति का सुंदर संदेश दिया। मौलश्री विहार स्थित शिव मंदिर पहुंचकर बच्चों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
स्थानीय लोगों ने भी नन्हे शिवभक्तों की इस अनोखी कांवड़ यात्रा का स्वागत किया और बच्चों के उत्साह की सराहना की। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ बच्चों में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रेरणादायक उदाहरण बना।