बिलासपुर। swimming competition: जिला तरणताल, सरकंडा खेल परिसर में 16वीं राज्य स्तरीय जूनियर एवं सब-जूनियर बालक-बालिका तैराकी प्रतियोगिता का दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 250 से अधिक तैराक हिस्सा लेने पहुंचे हैं। खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रतियोगिता को अलग-अलग वर्गों में आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने-अपने इवेंट में शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन समिति के अनुसार, इस प्रतियोगिता के आधार पर जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग की राज्य टीम का चयन किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगी। आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के साथ उनकी प्रतिभा निखारने का अवसर भी प्रदान करती हैं।
बिलासपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए तैराकों में उत्साह देखने को मिला और सभी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास किया।आयोजकों ने विश्वास जताया कि बिलासपुर के खिलाड़ी पहले की तरह इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।