CG | Sun, 27 September 2026

No Ad Available

RAIPUR NEWS: गणेश विसर्जन झांकी से पहले जर्जर मकानों को नोटिस, महापौर मीनल चौबे ने किया निरीक्षण, सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

27 Sep 2026 | WEENEWS DESK | 704 views
RAIPUR NEWS: गणेश विसर्जन झांकी से पहले जर्जर मकानों को नोटिस, महापौर मीनल चौबे ने किया निरीक्षण, सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

रायपुर। RAIPUR NEWS: राजधानी में गणेश विसर्जन झांकी को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस बढ़ा दिया है। 28 सितंबर को प्रस्तावित झांकी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने पुराने और कमजोर भवनों को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में महापौर मीनल चौबे ने फूलचौक से सदर बाजार तक झांकी मार्ग का मौके पर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान निगम की टीम ने रूट पर मौजूद ऐसे 15 भवनों की स्थिति देखी, जिन्हें पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है। अधिकारियों ने संबंधित भवन मालिकों के नाम से नोटिस तैयार कर इन्हें मकानों पर चस्पा किया। निगम की ओर से कहा गया है कि झांकी के दौरान इन भवनों को खाली रखना होगा और सुरक्षा के लिए प्रवेश बंद कर ताला लगाना होगा।

झांकी के दौरान जर्जर भवनों की छत या ऊपरी मंजिल पर लोगों के जमा होने की स्थिति को रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी दर्शनार्थी को ऐसे भवनों में प्रवेश न मिले। भवन मालिकों को भी सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है।

महापौर ने पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा कर जर्जर मकानों के आसपास बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से उन भवनों के सामने बैरिकेड लगाए जाएंगे, जहां झांकी देखने के लिए भीड़ जमा होने की आशंका है। इसका उद्देश्य लोगों को कमजोर भवनों से दूरी पर रखना और भीड़ का सुरक्षित तरीके से प्रबंधन करना है।

नगर निगम ने भवन मालिकों को सुरक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश भी दिए हैं। झांकी के दौरान मार्ग पर भीड़ को देखते हुए पुलिस और निगम की टीम को लगातार निगरानी रखने के लिए कहा गया है।

सदर बाजार में निरीक्षण के दौरान निगम के लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह समेत नगर निवेश विभाग के अधिकारी और संबंधित थाना पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp