बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर के रतनपुर क्षेत्र में कार सवार युवकों द्वारा बाइक सवार दो युवकों पर हमला करने का मामला सामने आया है। सिल्ली मोड़ के पास कार में सवार करीब सात से आठ युवकों ने बाइक सवारों को निशाना बनाते हुए मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार लेकर जंगल की ओर फरार हो गए। घायल युवक को पहले रतनपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सिम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई गई है।
जानकारी के मुताबिक, नवागांव मोहदा निवासी 35 वर्षीय अजय भानू शनिवार को अपने परिचित राहुल के साथ बाइक से सिल्ली मोड़ की ओर गए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से कार में सवार करीब सात से आठ युवक वहां पहुंचे और बाइक सवारों पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और अजय भानू पर चाकू से वार कर दिया।
हमले में घायल होकर अजय सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद सभी आरोपी कार लेकर जंगल की ओर भाग निकले। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल अजय को रतनपुर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया। वहीं, राहुल के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने अपने परिचितों के साथ मिलकर हमलावरों की तलाश भी की, लेकिन आरोपी जंगल की ओर भाग चुके थे।
फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। ऐसे में हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।