CG | Fri, 03 July 2026

No Ad Available

ब्रांडेड शोरूम के बायबैक की खुली पोल: 8 साल में सोना हुआ दोगुना, लेकिन 'पीसी ज्वैलर्स' पुरानी अंगूठी के दे रहा खरीद से भी कम दाम

02 Apr 2026 | WEENEWS DESK | 245 views
ब्रांडेड शोरूम के बायबैक की खुली पोल: 8 साल में सोना हुआ दोगुना, लेकिन 'पीसी ज्वैलर्स' पुरानी अंगूठी के दे रहा खरीद से भी कम दाम

बिलासपुर. क्या आप भी बड़े और चमचमाते ब्रांडेड शोरूम से गहने खरीदना पसंद करते हैं? अगर हां, तो यह खबर आपको सावधान करने वाली है। बिलासपुर में ब्रांडेड ज्वेलरी के नाम पर ग्राहकों को चूना लगाने का बड़ा मामला सामने आया है। पिछले 8 सालों में सोने के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। लेकिन, जब एक ग्राहक अपनी पुरानी सोने की अंगूठी वापस करने शोरूम पहुंचा, तो उसे 2018 में चुकाई गई कीमत से भी कम पैसे ऑफर किए गए।

यह फर्जीवाड़ा बिलासपुर के अग्रसेन चौक स्थित नामी शोरूम 'पीसी ज्वैलर्स' (PC Jewellers) का है। ग्राहकों के साथ हो रही इस ठगी के खिलाफ अब छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है और बिलासपुर एसपी (SP) से मामले की लिखित शिकायत की है।


मुनाफे की जगह ग्राहक को हो रहा नुकसान


खरसिया के रहने वाले पारस पटेल ने 11 जून 2018 को पीसी ज्वैलर्स से हीरे जड़ी एक सोने की अंगूठी खरीदी थी। इस अंगूठी में 14 कैरेट का 5.620 ग्राम सोना और 0.46 सेंट का हीरा लगा था। उस समय पारस ने इसके लिए 85,799 रुपए का भुगतान किया था।

आज जब बाजार में सोने का भाव आसमान छू रहा है, तब पारस इस अंगूठी को बायबैक (वापस बेचना) पॉलिसी के तहत बेचने शोरूम गए। सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, आज के बाजार भाव के हिसाब से मेकिंग चार्ज काटने के बाद भी इस अंगूठी की कीमत कम से कम 1,17,299 रुपए बनती है। लेकिन, शोरूम प्रबंधन ग्राहक को उसकी पुरानी खरीद कीमत (85 हजार) से भी कम पैसे थमाने पर अड़ गया।

बिल में ही शुरू हो जाता है ठगी का खेल

सराफा एसोसिएशन ने ब्रांडेड शोरूम के इस गोलमाल का पूरा तरीका समझाया है। दरअसल, खेल रसीद (बिल) बनाने के दौरान ही शुरू हो जाता है। 2018 में पीसी ज्वैलर्स ने ग्राहक को जो बिल दिया, उसमें सोने का भाव, हीरे की कीमत और मेकिंग (लेबर) चार्ज को अलग-अलग नहीं लिखा गया था।

बिल में सिर्फ अंगूठी का कुल वजन और फाइनल कीमत दर्ज कर दी गई। एसोसिएशन का कहना है कि यह ग्राहकों को अंधेरे में रखने की सोची-समझी चाल है। इसी अस्पष्ट बिलिंग का फायदा उठाकर अब शोरूम ग्राहक का पैसा मार रहा है।


ब्रांडेड शोरूम चला रहे लूट का व्यापार


इस खुली लूट को लेकर छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन अब आर-पार की लड़ाई के मूड में है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सोनी ने इसे ब्रांडेड कंपनियों द्वारा चलाया जा रहा 'लूट का व्यापार' करार दिया है।


प्रदेशभर में होगा आंदोलन



सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने चेतावनी दी है कि वे इस मामले को यहीं दबने नहीं देंगे। यह एक गंभीर अपराध है। अगर पीसी ज्वैलर्स ने ग्राहक को उसके गहने का सही मूल्य नहीं दिया, तो इसकी शिकायत राष्ट्रीय स्तर पर की जाएगी। बीआईएस (BIS) और उपभोक्ता फोरम में भी शोरूम के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। इसके अलावा, आम जनता को इन बड़े शोरूम्स के 'बायबैक' के नाम पर हो रहे धोखे से बचाने के लिए पूरे छत्तीसगढ़ में जागरूकता आंदोलन

चलाया जाएगा।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.