कोरबा। CG NEWS : कोरबा जिला प्रशासन ने गोढ़ी-पंडरीपानी राखड़ डेम से राखड़ परिवहन में अनियमितता की शिकायत पर कार्रवाई की है। जांच में अनुमति प्राप्त स्थल पर राखड़ नहीं मिलने और 43 ट्रिप यानी करीब 1277 टन फ्लाई ऐश अन्यत्र डंप किए जाने की पुष्टि हुई है।
इसे गंभीर पर्यावरणीय अनियमितता मानते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर गठित हुई संयुक्त जांच टीम
कलेक्टर कार्यालय को प्राप्त शिकायत के बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने मामले की जांच के लिए संयुक्त दल गठित किया था। इसमें अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोरबा, जिला परिवहन अधिकारी कोरबा और क्षेत्रीय अधिकारी, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल कोरबा को शामिल किया गया।
जांच दल ने ग्राम बोईदा स्थित अनुमति प्राप्त राखड़ भराव स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि जिस स्थान पर राखड़ का भराव किया जाना बताया गया था, वहां वास्तविक रूप से राखड़ मौजूद नहीं थी। संयंत्र प्रबंधन ने जानकारी दी थी कि ऐश डाइक से ग्राम बोईदा के लिए कुल 43 ट्रिप राखड़ का परिवहन किया गया है, लेकिन जांच के दौरान मौके पर एक भी ट्रिप राखड़ नहीं मिली।
1277 टन राखड़ अन्यत्र डंप करने की पुष्टि
जांच में अनुमति प्राप्त स्थल पर राखड़ नहीं मिलने से 43 ट्रिप यानी करीब 1277 टन राखड़ को निर्धारित स्थान से अलग अन्यत्र अवैध रूप से डंप किए जाने की पुष्टि हुई। इस अनियमितता को गंभीर पर्यावरणीय उल्लंघन मानते हुए 1277 टन राखड़ की मात्रा के आधार पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
अवैध डंपिंग पर आगे भी होगी कार्रवाई
क्षेत्रीय अधिकारी, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल कोरबा के अधिकारी प्रसन्न सोनकर ने बताया कि शिकायत मिलने पर कलेक्टर के निर्देश से समिति गठित कर जांच कराई गई थी। जांच में ग्राम बोईदा में राखड़ डंपिंग नहीं मिली। इसके बाद नियमानुसार पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित कर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी गई है।
उन्होंने बताया कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग रोकने के लिए लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। अवैध परिवहन में शामिल वाहनों को पकड़ने की कार्रवाई भी जारी है। पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होगी।