CG | Thu, 15 October 2026

No Ad Available

गगनई जलाशय में गूंजा जल संरक्षण का संदेश, ग्रामीणों ने लिया जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प

14 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 985 views
गगनई जलाशय में गूंजा जल संरक्षण का संदेश, ग्रामीणों ने लिया जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प

रायपुर: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जीपीएम जिले में जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत भर्रीडांड़ स्थित गगनई जलाशय में जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान गगनई जलाशय एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। साथ ही जल जन चौपाल, ग्रामीण पेयजल स्रोतों की जांच तथा ग्राम जल सुरक्षा संवाद के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पानी के सदुपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। विभागीय अमले ने बताया कि जल स्रोतों में कचरा एवं गंदगी डालने से जल की गुणवत्ता प्रभावित होती है, जिसका सीधा असर पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर पड़ता है। इसलिए जलाशयों, नदी घाटों, तालाबों एवं अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जल जन चौपाल में ग्रामीणों से पानी की बर्बादी रोकने, वर्षा जल का संरक्षण करने तथा जल स्रोतों के आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि जल संरक्षण केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी जरूरी है। जल स्रोतों के संरक्षण में जनभागीदारी से ही स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने जलाशय सहित सभी प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पानी की बर्बादी रोकने, जल प्रदूषण से बचाव तथा जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने जल संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया।

 


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.