CG | Wed, 25 November 2026

No Ad Available

पंजाब में फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, पीएम मोदी बोले- जनता की पहली पसंद बनेगा गठबंधन

25 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 716 views
पंजाब में फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, पीएम मोदी बोले- जनता की पहली पसंद बनेगा गठबंधन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के बीच फिर से गठबंधन होने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन स्वाभाविक है और पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सर्वोपरि है। उन्हें खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की एनडीए परिवार में वापसी हो रही है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है। यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जनहितैषी शासन मिले और राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल द्वारा सींचा गया अकाली दल-भाजपा गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। उन्हें पूरा विश्वास है कि यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनेगा।

बता दें कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गठबंधन का ऐलान किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन की घोषणा की।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंगलवार दोपहर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा भी मौजूद रहे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कक्ष में दोनों दलों के नेताओं की बैठक हुई। इसमें अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर चर्चा की गई। दोनों दलों ने फैसला किया है कि अगला पंजाब विधानसभा चुनाव भाजपा और अकाली दल मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि आज से अकाली दल एनडीए के सहयोगी के रूप में राजनीति में काम करेगा।

अमित शाह ने कहा कि जब पूरा देश श्री गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मना रहा है, ऐसे समय में सबसे पुराने सहयोगी अकाली दल की एनडीए में वापसी सभी के लिए आनंद का विषय है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के सभी नेताओं का एनडीए में स्वागत किया।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एक दिन पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एनडीए के विस्तार की जानकारी दी गई तो उन्होंने बेहद खुशी जाहिर की और सुखबीर सिंह बादल को फोन किया। प्रधानमंत्री ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा कि अकाली दल के साथ आने से ही एनडीए पूरा होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और सुखबीर सिंह बादल के बीच तथा अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल के बीच वर्षों पुराना और गहरा रिश्ता रहा है। भाजपा और अकाली दल के बीच भी लंबे समय से मजबूत राजनीतिक संबंध रहे हैं।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.