CG | Fri, 27 November 2026

No Ad Available

RAIPUR NEWS : बच्चों की खरीद-फरोख्त पर रायपुर कलेक्टर का एक्शन, दिवाकर अस्पताल लाइसेंस निरस्त करने नोटिस जारी, 7 आरोपी गिरफ्तार

27 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 841 views
RAIPUR NEWS : बच्चों की खरीद-फरोख्त पर रायपुर कलेक्टर का एक्शन, दिवाकर अस्पताल लाइसेंस निरस्त करने नोटिस जारी, 7 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। RAIPUR NEWS : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के गंभीर मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने गोगांव स्थित दिवाकर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को 30 दिन का नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इस मामले में पुलिस अब तक एक डॉक्टर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, जांच में इस अवैध नेटवर्क के आठ राज्यों तक फैले होने की बात सामने आई है।

अस्पताल के लेटरहेड और सील से बनाए गए फर्जी दस्तावेज

कलेक्टर कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में अस्पताल प्रबंधन को गंभीर अनियमितताओं पर अपना पक्ष रखने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अस्पताल में प्रसव नहीं होने के बावजूद नवजात शिशुओं के फर्जी डिस्चार्ज टिकट और मेमो तैयार किए गए। इसके लिए अस्पताल के लेटरहेड, सील और हस्ताक्षर का कथित रूप से दुरुपयोग किया गया।

आरोप है कि बच्चों को खरीदने वाले दंपतियों के आधार कार्ड लेकर इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम में आवेदन किए गए और कथित तौर पर अवैध तरीके से जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाए गए। प्रशासन ने इसे गंभीर मामला मानते हुए नर्सिंग होम एक्ट के तहत लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की है।

मुफ्त इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया

इस पूरे मामले का खुलासा ओडिशा की एक गर्भवती महिला की शिकायत के बाद हुआ। आरोप है कि महिला को मुफ्त प्रसव और उपचार का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया गया था। यहां उसकी मुलाकात कृतिका साहू, गीतिका और अहिल्या नाम की महिलाओं से कराई गई। इसके बाद उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।

आरोपियों ने महिला की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए नवजात बच्चे को निःसंतान दंपती को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया। महिला के इनकार करने पर उसे डराया-धमकाया गया।

प्रसव के बाद नवजात समेत महिला को बनाया बंधक

पीड़िता के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद उसे नवजात शिशु समेत दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां उसे बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर की जाएगी। महिला की सहमति के बिना नवजात को बेचने का प्रयास भी किया गया।

शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाने में बीएनएस की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया।

डॉक्टर और अस्पताल कर्मचारियों समेत 7 गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को दिवाकर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. खिर सिंधु महानंद, पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कोरव और अश्वनी शर्मा की कथित भूमिका के सबूत मिले। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, अस्पताल की सील और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार किए जाते थे। इसके अलावा कृतिका साहू से एक नवजात बच्ची खरीदने के आरोप में जितेंद्र खेतान को भी गिरफ्तार किया गया है। इस तरह मामले में अब तक कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

आठ राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच

पुलिस जांच में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क के आठ राज्यों तक फैले होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बच्चों को खरीदने वाले दंपतियों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

वहीं, जिला प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब दिवाकर अस्पताल प्रबंधन को 30 दिन के भीतर अपना जवाब देना होगा। इसके बाद प्रशासन अस्पताल के लाइसेंस को निरस्त करने के संबंध में आगे का फैसला लेगा।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.