CG | Fri, 09 October 2026

No Ad Available

RAIPUR NEWS : रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की तैयारी पूरी, 16 से होंगे मुकाबले , प्रशासन ने कसी कमर

08 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 811 views
RAIPUR NEWS : रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की तैयारी पूरी, 16 से होंगे मुकाबले , प्रशासन ने कसी कमर

रायपुर। RAIPUR NEWS : नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच होने वाली टी-20 सीरीज को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दोनों टीमों के बीच 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों को लेकर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और दर्शकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीरीज की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर मैचों के सुचारू संचालन के लिए जरूरी निर्देश दिए गए।

पुलिस, एनआरडीए, खेल विभाग और आयोजक संस्थाओं को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी, जिससे ई-टिकट स्कैन कर आसानी से प्रवेश लिया जा सके। टिकट ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे और उन पर स्टेडियम का पूरा नाम दर्ज रहेगा।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आसपास के अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी। स्टेडियम में एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी। आपातकालीन इलाज और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी तय किया गया है।

मैच के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए ऊर्जा विभाग और सीएसपीडीसीएल को जिम्मेदारी दी गई है। स्टेडियम और आसपास मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा फायर ब्रिगेड, पानी और आपातकालीन रास्तों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

मैचों के बेहतर संचालन के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है। इसमें पुलिस, खेल एवं युवा कल्याण, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं। प्रशासन का फोकस तीनों अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को सुरक्षित, व्यवस्थित और दर्शकों के लिए सुविधाजनक तरीके से आयोजित कराने पर है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.