स्वच्छ अस्पताल–स्वस्थ समाज का दिया संदेश, स्वास्थ्यकर्मियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
तिल्दा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा नेवरा में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिन्हा (BMO) के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अस्पताल परिसर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान अस्पताल परिसर, ओपीडी क्षेत्र, वार्ड, आसपास के परिसर एवं अन्य स्थानों की साफ-सफाई की गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए अस्पताल परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं मरीजों के अनुकूल बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ. ए.के. सिन्हा, BMO तिल्दा ने कहा कि “स्वच्छता स्वस्थ जीवन की पहली आवश्यकता है। स्वास्थ्य संस्थान में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ अस्पताल से मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य वातावरण मिलता है।”
उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अस्पताल परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने, जैव-चिकित्सकीय अपशिष्ट का उचित निपटान करने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने का आह्वान किया।
स्वच्छता अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा नेवरा के चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ अस्पताल परिसर बनाए रखने का संकल्प लिया।