CG | Tue, 24 November 2026

No Ad Available

CG Elephant Attack : हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर भड़का गजराज, ट्रैक्टर को पैरों तले रौंदा ,वन विभाग अलर्ट

24 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 895 views
CG Elephant Attack : हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर भड़का गजराज, ट्रैक्टर को पैरों तले रौंदा ,वन विभाग अलर्ट

कोरबा। CG Elephant Attack : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों के झुंड को खदेड़ने की कोशिश ग्रामीणों के लिए भारी पड़ गई। जंगल में मौजूद हाथियों को ट्रैक्टर से भगाने पहुंचे ग्रामीणों का सामना एक गुस्साए हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक ट्रैक्टर पर हमला बोल दिया और उसे सूंड व पैरों से बुरी तरह कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के आक्रामक तेवर देखकर ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। किसी तरह लोगों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जंगल में डेरा जमाए बैठे हैं 11 हाथी

मिली जानकारी के अनुसार, घटना कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा जंगल की है। यहां पिछले कुछ समय से 11 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। इसी दौरान कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथियों को जंगल से खदेड़ने पहुंच गए। ग्रामीणों की इस हरकत से हाथी भड़क गया और उसने ट्रैक्टर को निशाना बना लिया।

गुस्साए हाथी ने ट्रैक्टर को किया तहस-नहस

हाथी ने पहले ट्रैक्टर पर हमला किया और फिर उसे सूंड और पैरों से कुचलना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान ग्रामीणों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी ग्रामीण के घायल होने की सूचना नहीं है।

वन विभाग की ग्रामीणों से अपील, हाथियों के पास न जाएं

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। विभाग ने अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले जंगलों में जाने से बचें और उन्हें भगाने या उनके करीब पहुंचने की कोशिश बिल्कुल न करें। हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उनकी गतिविधियों की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.