तिल्दा-नेवरा। CG NEWS : धर्म और आस्था की नगरी तिल्दा-नेवरा इन दिनों प्रभु श्रीराम की भक्ति में सराबोर है। नगर में आयोजित 64वें अखंड श्रीरामनाम सप्ताह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला वर्मा एवं भाजपा नेता अनिल अग्रवाल भी उपस्थित रहे। अखंड श्रीरामनाम सप्ताह के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बजरंग चौक स्थित श्री हनुमान जी के मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। धार्मिक आयोजन में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा।
रामनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ नगर
तिल्दा-नेवरा में चल रहे 64वें अखंड श्रीरामनाम सप्ताह के अंतर्गत लगातार रामनाम संकीर्तन हो रहा है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, धार्मिक समितियों, विद्यालयों और मानस मंडलियों की सहभागिता से पूरा नगर राममय हो उठा है। अलग-अलग समाजों की मंडलियां निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रभु श्रीराम के नाम का संकीर्तन कर धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं।
इस आयोजन में ब्राह्मण समाज, अग्रवाल समाज, माहेश्वरी समाज, पूज्य सिंधी पंचायत सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के साथ विभिन्न विद्यालयों और मानस मंडलियों की सहभागिता देखने को मिल रही है। सुबह से देर रात तक गूंजते रामनाम से नगर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

धर्म के साथ सामाजिक एकता का संदेश
अखंड श्रीरामनाम सप्ताह तिल्दा-नेवरा की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह आयोजन न केवल श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम की भक्ति से जोड़ता है, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता है। विभिन्न समाजों और संगठनों की सामूहिक भागीदारी इस आयोजन को विशेष बनाती है।
आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा
64वें अखंड श्रीरामनाम सप्ताह का समापन आज भव्य धार्मिक आयोजन के साथ होगा। इस अवसर पर प्रभु श्रीराम की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं, रात 8 बजे सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें आयोजन में सहभागी अतिथियों एवं रामनाम संकीर्तन करने वाली टोलियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
तिल्दा-नेवरा में अखंड श्रीरामनाम सप्ताह के माध्यम से श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता की परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी है। नगरवासी अब समापन दिवस पर निकलने वाली प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा को लेकर उत्साहित हैं।