धमतरी। Gangrel Rescue News : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले स्थित गंगरेल जलाशय में अचानक मौसम बिगड़ने से बड़ा हादसा हो गया। तेज हवाओं और उठती लहरों के बीच एक मछुआरे की नाव पलट गई। हादसे के बाद मछुआरे ने करीब 100 मीटर तक तैरकर दूसरे टापू पर पहुंचकर अपनी जान बचाई, लेकिन अंधेरा होने के कारण वह वहीं फंस गया। सूचना मिलते ही गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की टीम ने वाटर एम्बुलेंस की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और मछुआरे को सुरक्षित बाहर निकालकर गांव पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरारी निवासी बबलू निषाद लकड़ी इकट्ठा करने के लिए नाव से ठेमली आइलैंड गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया। तेज हवाओं के कारण जलाशय में ऊंची लहरें उठने लगीं और उनकी नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटने के बाद बबलू निषाद ने हिम्मत दिखाते हुए करीब 100 मीटर तक तैरकर दूसरे टापू पर शरण ली।
नाव पलटने से बचने के बाद भी बबलू की परेशानी कम नहीं हुई। शाम ढलने के साथ अंधेरा छाने लगा और चारों तरफ पानी से घिरे टापू से वापस लौटना मुश्किल हो गया। घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद बचाव के लिए मदद मांगी गई।
सूचना मिलते ही गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की टीम वाटर एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंची। बचाव दल ने जलाशय में अभियान चलाकर बबलू निषाद को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें गांव पहुंचाया।
इस बचाव अभियान में सत्येंद्र शिव, राजेश मुकेश और स्थानीय नागरिक खूबलाल ध्रुव सहित अन्य सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों की सक्रियता और रेस्क्यू टीम की तत्परता से मछुआरे को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया।
गंगरेल जलाशय में अचानक मौसम बदलने और तेज लहरें उठने से छोटी नावों का संचालन जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में मछुआरों और अन्य लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही जलाशय में जाने की सलाह दी गई है। साथ ही नाव में लाइफ जैकेट और जरूरी सुरक्षा उपकरण रखने तथा खराब मौसम और अंधेरा होने की स्थिति में जलाशय में जाने से बचने की अपील की गई है।