तिल्दा-नेवरा- सावन माह की पवित्र बेला में ग्राम कोहका से भगवान श्री सोमनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए भव्य बोल बम कांवड़ यात्रा जिला पंचायत रायपुर की सभापति शैल साहू एवं समाज सेवी महेंद्र साहू के नेतृत्व में क्षेत्र के कांवड़ियों का एक विशाल जत्था भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुआ। शिवभक्तों ने ‘बोल-बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ अपनी यात्रा शुरू की।
इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया और जगह-जगह स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया।कांवड़ियों ने पवित्र जल लेकर निर्धारित मार्गों से यात्रा की। रास्ते भर शिवभक्तों के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कई स्थानों पर स्थानीय निवासियों ने कांवड़ियों के लिए पानी, फल और अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की।बारिश के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन होकर अपनी यात्रा पूरी करते रहे।कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और अच्छी बारिश की कामना की। इस कांवड़ यात्रा के कारण पूरे दिन क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा