CG | Thu, 19 November 2026

No Ad Available

परिवार गांव से लौटा तो टूटा मिला ताला, रायपुर में चोरी के आरोप में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

19 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 730 views
परिवार गांव से लौटा तो टूटा मिला ताला, रायपुर में चोरी के आरोप में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र के शिवानंद नगर में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए की चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी रोहन ताम्रकार गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और दूसरा सामान जब्त किया गया है, जिनकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए है। यह कार्रवाई एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट (ACCU) और खमतराई थाना पुलिस ने मिलकर की।
शिवानंद नगर की अंजनी विहार कॉलोनी में रहने वाले शिव निर्मलकर ने खमतराई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर को वे घर में ताला लगाकर परिवार के साथ अपने गांव गए थे। 12 नवंबर को लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर अलमारी खुली पड़ी थी और उसका लॉकर टूटा था। लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी, मोबाइल फोन और कमरे में रखा दूसरा सामान गायब था। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने अधिकारियों को आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। ACCU और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके का बारीकी से मुआयना किया और पीड़ित व आसपास के लोगों से पूछताछ की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मुखबिरों के जरिए चोरी के पुराने आरोपियों और हाल ही में जेल से छूटे लोगों की जानकारी जुटाई गई। तकनीकी जांच भी की गई।
इसी दौरान टीम को पता चला कि गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर रोहन ताम्रकार घटना वाले दिन देर रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था। टीम ने उसे ढूंढकर पकड़ लिया। पूछताछ में वह चोरी में अपना हाथ होने से इनकार करता रहा और पुलिस को गुमराह करता रहा। सबूतों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल जब्त कर लिया।
पुलिस के मुताबिक 20 साल का रोहन ताम्रकार गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp