CG | Wed, 21 October 2026

No Ad Available

RAIPUR NEWS : ग्रीन आर्मी ने 9वें वर्ष किया पॉलीथिन रूपी रावण का दहन, जागरूकता रैली से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

20 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 957 views
RAIPUR NEWS : ग्रीन आर्मी ने 9वें वर्ष किया पॉलीथिन रूपी रावण का दहन, जागरूकता रैली से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायपुर। RAIPUR NEWS : पर्यावरण संरक्षण एवं पॉलीथिन मुक्त समाज के उद्देश्य से ग्रीन आर्मी द्वारा लगातार नौवें वर्ष पॉलीथिन रूपी रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। नववर्ष से प्रारंभ हुई इस पहल के माध्यम से संस्था ने जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्राह्मणपारा चौक स्थित दुर्गा पंडाल में माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात रैली ब्राह्मणपारा चौक से बैस गली स्थित हनुमान मंदिर होते हुए कंकाली तालाब पहुँची। कंकाली माता मंदिर में दर्शन के साथ वर्ष में केवल एक बार दशहरा के अवसर पर खुलने वाले देवी शस्त्रागार में देवी के पवित्र शस्त्रों के दर्शन किए गए। इसके बाद रैली सुहागा मंदिर होते हुए आजाद चौक पहुँची, जहाँ पॉलीथिन रूपी रावण का दहन किया गया।

रैली में पॉलीथिन बंद करने की अपील लिखी तख्तियाँ,एवं पॉलीथिन से निर्मित रावण लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इनके माध्यम से पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाते हुए कपड़े एवं कागज के थैलों के उपयोग का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में ब्राह्मणपारा वार्ड के स्थानीय पार्षद अजय साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे ने कहा कि पॉलीथिन रूपी रावण दहन का उद्देश्य लोगों को पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाना है।

रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा ने कहा कि पॉलीथिन पर्यावरण और पशुओं के लिए गंभीर खतरा है। प्रत्येक नागरिक को पॉलीथिन छोड़कर कपड़े एवं कागज के थैले अपनाने चाहिए।

प्रदेश मीडिया प्रभारी  शशिकांत यदु ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जिम्मेदारी है। पॉलीथिन रूपी रावण दहन के माध्यम से समाज को पॉलीथिन मुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया है। जनभागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ वर्षभर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती है। संस्था ने नागरिकों से पॉलीथिन का उपयोग छोड़ने और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.