CG | Wed, 04 November 2026

No Ad Available

CG NEWS : नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म करने वाले सौतेले पिता को आजीवन कारावास, 20 हजार रुपये का जुर्माना

04 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 803 views
CG NEWS : नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म करने वाले सौतेले पिता को आजीवन कारावास, 20 हजार रुपये का जुर्माना

गरियाबंद। CG NEWS : नाबालिग पुत्री के साथ लगातार दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में विशेष न्यायालय गरियाबंद ने आरोपी सौतेले पिता को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय की अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल ने आरोपी (55 वर्ष) को पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत दोषी करार देते हुए उसके शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही न्यायालय ने आरोपी पर 20 हजार रुपये का अर्थदण्ड भी लगाया है।

परिजनों को मिली सूचना से खुला मामला

प्रकरण के अनुसार, पीड़िता के जन्म के बाद उसकी मां ने आरोपी से विवाह किया था। मां की मृत्यु के बाद करीब दो वर्ष से नाबालिग पीड़िता आरोपी के साथ रह रही थी। 10 सितंबर 2025 को आरोपी के पड़ोसी ने पीड़िता के चचेरे भाई को फोन कर जानकारी दी कि आरोपी उसके साथ मारपीट करता है। सूचना मिलते ही परिजन आरोपी के घर पहुंचे। इस दौरान पीड़िता ने अपने साथ हो रहे गंभीर अपराध की जानकारी परिजनों को दी। आरोपी ने पीड़िता को परिजनों के साथ भेजने से भी इनकार कर दिया था।

गोंडी और हल्बी भाषा में दर्ज किए गए बयान

मामले की शिकायत थाना अमलीपदर में दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता को आरोपी के घर से थाने लाया। पीड़िता हिंदी भाषा समझने और बोलने में असमर्थ थी। ऐसे में गोंडी एवं हल्बी भाषा जानने वाली दो महिला अनुवादकों की सहायता से उसके बयान दर्ज किए गए। पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि आरोपी करीब एक वर्ष से उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म कर रहा था तथा किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। विवेचना पूरी होने के बाद न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से मामले को प्रमाणित करने के लिए कुल 12 साक्षियों के बयान कराए गए।

12 गवाहों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर फैसला

सुनवाई के दौरान न्यायालय ने पीड़िता एवं गवाहों के कथनों, उम्र संबंधी रेडियोलॉजिकल जांच और चिकित्सा रिपोर्ट सहित उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया। सभी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाया गया। न्यायालय ने पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत आरोपी को दोषसिद्ध करते हुए उसके शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास और 20 हजार रुपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया।

इस मामले में विशेष लोक अभियोजक हरि नारायण त्रिवेदी ने अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी की। न्यायालय के इस फैसले को नाबालिगों के विरुद्ध गंभीर अपराधों में कानून की सख्ती और न्यायिक जवाबदेही के रूप में देखा जा रहा है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.