CG | Mon, 23 November 2026

No Ad Available

CG NEWS : राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में गरियाबंद का परचम, दो मॉडलों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन, बेहतर प्रदर्शन से बढ़ाया जिले का गौरव

22 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 923 views
CG NEWS : राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में गरियाबंद का परचम, दो मॉडलों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन, बेहतर प्रदर्शन से बढ़ाया जिले का गौरव

गरियाबंद। CG NEWS : राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन रविशंकर विश्वविद्यालय परिसर, रायपुर में किया गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से लगभग 150 बाल वैज्ञानिकों ने अपने वैज्ञानिक मॉडल और प्रस्तुतिकरण के माध्यम से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में गरियाबंद जिले के पांच बाल वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिले के लिए गौरव की बात यह रही कि यहां के दो मॉडलों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर एवं सहायक जिला परियोजना अधिकारी बुद्धविलास सिंह के मार्गदर्शन में जिले के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। वरिष्ठ वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कौंदकेरा से टोमेश्वरी साहू, सेजेस राजिम से पंकज सोनकर तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुवाड़ से जैयमनी मरकाम ने अपने मॉडल और प्रस्तुतिकरण के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, कनिष्ठ वर्ग में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोपरा से पावनी साहू एवं तृप्ति चक्रधारी ने अपनी वैज्ञानिक प्रस्तुतियां दीं।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस सभी टीमों ने अपने मॉडल और विषयों का प्रस्तुतिकरण किया, जबकि शेष प्रतिभागियों का प्रस्तुतिकरण दूसरे दिन आयोजित किया गया। इस दौरान चारों विद्यालयों के मार्गदर्शक शिक्षक सतीश कुमार मालवीय, समीक्षा गायकवाड़, संजीत एवं माधुरी चक्रधारी की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

उल्लेखनीय है कि जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में लगभग 35 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया था। इनमें से चयनित चार विद्यालयों के पांच विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। राज्य स्तर पर दो मॉडलों का चयन होना गरियाबंद जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। राष्ट्रीय स्तर पर चयन की प्रक्रिया में देशभर से सीमित मॉडलों को ही स्थान मिलता है। निर्धारित चयन प्रक्रिया के अनुसार सीनियर वर्ग से नौ तथा जूनियर वर्ग से सात मॉडल चयनित किए जाते हैं। पिछले वर्ष भी गरियाबंद जिले के एक विद्यार्थी का जूनियर वर्ग में चयन हुआ था।

बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक आईपी साहू, पीएमश्री गरियाबंद के प्राचार्य एवं जिला विज्ञान नोडल अधिकारी ज्ञानेंद्र शर्मा ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिले में विज्ञान के क्षेत्र में लगातार मिल रही उपलब्धियां शिक्षकों की मेहनत, लगन और विद्यार्थियों को नवाचार के लिए प्रेरित करने का परिणाम हैं। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर का शिक्षकों को निरंतर सहयोग मिलता रहा है। वहीं, सहायक जिला परियोजना अधिकारी बुद्धविलास सिंह का भी विज्ञान सहित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में शिक्षकों को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त होता रहा है।

इसी का परिणाम है कि गरियाबंद जिले के विद्यार्थी लगातार जिला और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। इस वर्ष इंस्पायर अवार्ड में भी जिले के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर स्थान बनाने में सफलता हासिल की है। जिले के विज्ञान शिक्षक एक टीम के रूप में कार्य करते हुए विद्यार्थियों को नए प्रयोगों, वैज्ञानिक सोच और नवाचार आधारित मॉडलों के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। गरियाबंद जिले की यह उपलब्धि निश्चित रूप से आने वाले समय में विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.