चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पेरिस से लौटने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर कथित तौर पर तीन घंटे तक इंतजार कराने और फिर 50 हजार रुपये का चालान काटने का मामला सामने आया है। आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने इस घटना को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के साथ यह कार्रवाई दबाव में की गई।
बलतेज पन्नू बोले- पंजाब के साथ हो रही धक्केशाही
बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ती। उनके मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को यह कहकर इंतजार कराया गया कि उनका सामान अभी नहीं आया है। करीब तीन घंटे बाद जब उन्हें जाने दिया गया और सामान गाड़ी में रखा जाने लगा, तब अधिकारी पहुंचे और 50 हजार रुपये का चालान काट दिया।
पन्नू ने कहा कि अधिकारियों ने उन पर काफी दबाव होने की बात कही थी। हालांकि, उन्होंने चालान काटे जाने का आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया। उनका आरोप है कि यह कार्रवाई ऊपर से मिले निर्देशों के तहत की गई।
पेरिस यात्रा को लेकर भी केंद्र पर निशाना
AAP नेता के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित एक बड़े फूड फेस्टिवल में पंजाब के प्रसिद्ध राजमा और सफेद चने जैसे उत्पादों को बढ़ावा देने गए थे। पन्नू ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने पहले इस यात्रा को मंजूरी नहीं दी थी और मुख्यमंत्री को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार यात्रा करनी पड़ी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पेरिस में भारतीय महावाणिज्य दूत ने मुख्यमंत्री से मुलाकात तक नहीं की। पन्नू ने इसे केंद्र सरकार की उदासीनता करार दिया।
किसानों और फंड के मुद्दे पर भी उठाए सवाल
बलतेज पन्नू ने केंद्र सरकार पर पंजाब के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए किसान आंदोलन और राज्य के लिए फंड जारी करने के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को पहले भी कई बार विदेश यात्रा की अनुमति नहीं दी गई।
पन्नू के मुताबिक, विदेश यात्राओं से पंजाब में निवेश और आर्थिक सहयोग बढ़ने की संभावनाएं हैं, लेकिन केंद्र सरकार इसमें बाधा डाल रही है। फिलहाल, दिल्ली एयरपोर्ट पर कथित तौर पर तीन घंटे रोके जाने और 50 हजार रुपये का चालान काटे जाने के मामले में चालान का कारण तथा संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।