CG | Wed, 18 November 2026

No Ad Available

RAIPUR NEWS : MG रोड चौपाटी पर पुलिस-नगर निगम का शिकंजा, रात 9 से 1 बजे तक ही मिलेगी दुकान लगाने की अनुमति

17 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 829 views
RAIPUR NEWS : MG रोड चौपाटी पर पुलिस-नगर निगम का शिकंजा, रात 9 से 1 बजे तक ही मिलेगी दुकान लगाने की अनुमति

रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी के एमजी रोड स्थित चौपाटी में अब मनमानी नहीं चलेगी। अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर अतिक्रमण और गंदगी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यातायात पुलिस और नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। चौपाटी संचालकों के लिए संचालन का समय तय करने के साथ साफ-सफाई और पार्किंग की जिम्मेदारी भी निर्धारित कर दी गई है। नए निर्देशों के मुताबिक, चौपाटियां रात 9 बजे से रात 1 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी। नियमों की अनदेखी करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई के साथ चौपाटी बंद कराने तक की चेतावनी दी गई है।

रात 9 से 1 बजे तक ही संचालित होंगी चौपाटियां

दरअसल, एमजी रोड चौपाटी में यातायात व्यवस्था और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर 16 नवंबर को यातायात सभागार में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक रामकुमार बर्मन और स्नेहिल साहू, एसीपी रमेश येरेवार, नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर पीडी घृतलहरे, ईई आशुतोष सिंह और व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र तलरेजा समेत चौपाटी संचालक मौजूद रहे।

बैठक में ट्रैफिक डीसीपी ने स्पष्ट किया कि चौपाटियों का संचालन पहले से निर्धारित नियमों के अनुसार ही होगा। सभी अस्थायी दुकानें रात 9 बजे से रात 1 बजे तक ही लगाई जा सकेंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही उनके सामने चौपाटी संचालित करने की अनुमति होगी। किसी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव बनाने या विवाद करने की अनुमति नहीं होगी।

सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने पर रोक

चौपाटी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। दुकान बंद करने के बाद संबंधित स्थान की सफाई भी संचालकों को ही करनी होगी। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने पर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा ग्राहकों के बैठने के लिए सड़क या फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने और सार्वजनिक आवागमन के रास्ते में अतिक्रमण करने पर भी रोक लगाई गई है।

पार्किंग की जिम्मेदारी भी चौपाटी संचालकों की

बैठक में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। चौपाटी में आने वाले ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था संचालकों को करनी होगी। किसी भी स्थिति में मुख्य सड़क या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर वाहन खड़े नहीं होने चाहिए।

अधिकारियों ने बताया कि चौपाटी में अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर अतिक्रमण, गंदगी और स्थायी दुकानदारों को परेशान करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन कारणों से व्यापारियों के साथ आम नागरिकों और राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

नियम तोड़े तो बंद होगी चौपाटी

बैठक में नगर निगम अधिकारियों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। वहीं व्यापारी संघ से सभी पक्षों के बीच समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा की गई। चौपाटी संचालकों ने भी निर्धारित नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों ने साफ कर दिया कि आगे यदि अतिक्रमण, गंदगी, अव्यवस्थित पार्किंग या अन्य नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर अस्थायी चौपाटी को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मुताबिक, एमजी रोड पर चौपाटियों का संचालन आम नागरिकों की सुविधा, स्थायी व्यापारियों के हित, स्वच्छता और सुगम यातायात को ध्यान में रखकर कराया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम लगातार निगरानी करेगी।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.