CG | Wed, 18 November 2026

No Ad Available

सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन समारोह में साझा की माता-पिता की प्रेम कहानी ,सुनाया दिलचस्प किस्सा

17 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 835 views
सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन समारोह में साझा की माता-पिता की प्रेम कहानी ,सुनाया दिलचस्प किस्सा

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन समारोह में अपने परिवार से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने अपने माता-पिता पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी की प्रेम कहानी से जुड़ी एक पुरानी याद सुनाते हुए बताया कि किस तरह वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसी रेस्टोरेंट पहुंच गए थे, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे।

16 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने बताया कि जब वह कैम्ब्रिज में पढ़ाई कर रहे थे, तब उनके माता-पिता की पहली मुलाकात से जुड़ी कहानियां उनके परिवार में अक्सर सुनने को मिलती थीं। इन्हीं में से एक कहानी कैम्ब्रिज के ‘वर्सिटी रेस्टोरेंट’ की थी। राहुल ने बताया कि एक दिन उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा कि चलो वर्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं। उनकी गर्लफ्रेंड को इस जगह के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन राहुल वहां जाकर देखना चाहते थे कि आखिर उनके माता-पिता पहली बार कहां मिले थे।

रेस्टोरेंट पहुंचने पर राहुल ने वहां मौजूद कर्मचारी को बताया कि उनके माता-पिता इसी जगह पहली बार मिले थे। यह सुनकर कर्मचारी ने तुरंत पहचान लिया और कहा कि वह उन दोनों को जानता है। इसके बाद राहुल ने उससे पूछा कि मेन्यू में क्या अच्छा है? कर्मचारी ने चिकन चेज़र (Chicken Chasseur) खाने की सलाह दी। राहुल ने भी वही ऑर्डर किया, लेकिन खाने का अनुभव उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।

इस किस्से को सुनाते हुए राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर किसी को प्यार करना है तो कैम्ब्रिज के वर्सिटी रेस्टोरेंट जरूर जाना चाहिए, लेकिन वहां चिकन चेज़र बिल्कुल नहीं खाना चाहिए। उनकी इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। बाद में गर्लफ्रेंड के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि अब वह उनकी दोस्त हैं।

राहुल गांधी ने इस दौरान राजीव और सोनिया गांधी के रिश्ते पर भावुक बातें भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता के बीच गहरा प्रेम था। राहुल के मुताबिक, बचपन में उन्होंने अपने माता-पिता को हमेशा एक-दूसरे के बेहद करीब देखा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी अपने पति राजीव गांधी से जुड़ी थीं और राजीव गांधी भी उनसे उतना ही गहरा जुड़ाव रखते थे।

उन्होंने अपनी मां के जीवन में आए कठिन दौर का जिक्र करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को खोने के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। राहुल ने अपनी मां के संघर्ष और मजबूती को याद करते हुए उनके प्रति गर्व और सम्मान भी व्यक्त किया।

सोनिया गांधी की यह संस्मरण पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ उनके जीवन, राजीव गांधी के साथ रिश्ते और परिवार से जुड़े अनुभवों को सामने लाती है। पुस्तक के विमोचन समारोह में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा और कई राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद रहीं।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.