गिरिडीह। Accident news : झारखंड के प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल पारसनाथ से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। मधुबन के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में सूरत निवासी पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना बीती रात हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, गुजरात के सूरत से करीब 50 जैन श्रद्धालु पारसनाथ में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए झारखंड पहुंचे थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु बस से टाटानगर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान मधुबन से करीब एक किलोमीटर आगे चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया।
अनियंत्रित बस पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराई और फिर गड्ढे में पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
इस दर्दनाक दुर्घटना में सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को पीरटांड़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किए जाने की सूचना है।
पारसनाथ जैसे प्रसिद्ध तीर्थस्थल की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। दो श्रद्धालुओं की मौत की खबर से जैन समुदाय में शोक का माहौल है। हादसे में घायल अन्य श्रद्धालुओं के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।