CG | Mon, 23 November 2026

No Ad Available

CG Elephant Terror : हाथियों का उत्पात, दो घरों में तोड़फोड़; शादी के लिए रखे 9 बोरी चावल किए बर्बाद

23 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 1003 views
CG Elephant Terror : हाथियों का उत्पात, दो घरों में तोड़फोड़; शादी के लिए रखे 9 बोरी चावल किए बर्बाद

कवर्धा। CG Elephant Terror : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुकदुर क्षेत्र के केसमरदा गांव में बीती रात चार हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने बस्ती में घुसकर दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और घरों में रखे खाद्य पदार्थों को खाकर बिखेर दिया। अचानक हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

आधी रात बस्ती में घुसा हाथियों का दल

जानकारी के मुताबिक, केसमरदा गांव में रहने वाला बैगा परिवार अपने घरों में गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान चार हाथियों का दल अचानक बस्ती में घुस आया। हाथियों ने दो घरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उनकी आवाज सुनकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोग किसी तरह घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

शादी की तैयारी पर फिरा पानी, 9 बोरी चावल बर्बाद

हाथियों ने घरों में रखे खाद्य पदार्थों को भी नहीं छोड़ा। बताया जा रहा है कि बुधसिंह बैगा के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसके लिए घर में नौ बोरी चावल रखे गए थे, लेकिन हाथियों ने चावल को खाकर और बिखेरकर बर्बाद कर दिया। इस घटना से परिवार को काफी नुकसान हुआ है।

सप्ताहभर पहले हाथियों ने ली थी महिला की जान

कुकदुर क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी पहले भी जानलेवा साबित हो चुकी है। करीब एक सप्ताह पहले हाथियों के इसी दल ने ग्राम बनगौरा के दलदली क्षेत्र में मितानिन बैगिनबाई को कुचलकर मार डाला था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क

घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर उनके करीब नहीं जाने की अपील की है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.