रायपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए राज्य सरकार ने 10 नगर निगमों की सीमाओं के विस्तार की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत शहरों से लगे ग्रामीण इलाकों और ग्राम पंचायतों को नगर निगम की सीमा में शामिल करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने संबंधित नगर निगमों से सीमावर्ती गांवों और उनकी आबादी का ब्योरा मांगा है।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, नाली, स्ट्रीट लाइट और कचरा प्रबंधन जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है। खास बात यह है कि नगर निगम में शामिल होने वाले गांवों को उनकी आबादी के आधार पर केंद्र सरकार से प्रति व्यक्ति 2,000 रुपये तक का अनुदान मिल सकता है। यह राशि सीधे लोगों को नहीं मिलेगी, बल्कि संबंधित क्षेत्रों के विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी।
इन 10 नगर निगमों में शुरू हुई तैयारी
नगरीय प्रशासन विभाग ने रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर और रिसाली नगर निगम को पत्र भेजकर आसपास की ग्राम पंचायतों और वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार उनकी आबादी की जानकारी मांगी है।
16वें वित्त आयोग से मिलेगा अनुदान
यह योजना 16वें वित्त आयोग के शहरीकरण प्रीमियम घटक से जुड़ी है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच वर्षों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पात्र गांवों को उनकी जनसंख्या के आधार पर प्रति व्यक्ति 2,000 रुपये के हिसाब से अनुदान मिल सकता है।
उदाहरण के तौर पर, 5 हजार की आबादी वाले गांव को 1 करोड़ रुपये और 10 हजार की आबादी वाले गांव को 2 करोड़ रुपये तक मिल सकते हैं। इस राशि का इस्तेमाल केवल विकास कार्यों में किया जा सकेगा। कर्मचारियों के वेतन और अन्य स्थापना खर्चों पर इसे खर्च नहीं किया जा सकेगा।
गांवों को शामिल करने से पहले होगा आकलन
किसी भी गांव को नगर निगम में शामिल करने से पहले उसकी आर्थिक स्थिति, कर्मचारियों की उपलब्धता, मौजूदा सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का आकलन किया जाएगा। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि नए क्षेत्रों को शामिल करने से नगर निगम पर कितना अतिरिक्त वित्तीय और प्रशासनिक भार पड़ेगा।
गांवों के नगरीय सीमा में शामिल होने के बाद संपत्तिकर और नागरिक सेवाओं से जुड़े शुल्क लागू करने की व्यवस्था भी बनाई जाएगी।
छह सदस्यीय समिति करेगी निगरानी
योजना के क्रियान्वयन और निगरानी के लिए राज्य सरकार ने छह सदस्यीय समिति गठित की है। यह समिति पात्र गांवों और नगरीय निकायों के चयन के साथ केंद्रीय अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया पर नजर रखेगी।
फिलहाल मांगी गई है जानकारी
अभी नगर निगमों से सीमावर्ती गांवों और उनकी आबादी का विवरण जुटाया जा रहा है। किन गांवों और ग्राम पंचायतों को नगर निगम की सीमा में शामिल किया जाएगा, इस पर अंतिम निर्णय आगे की प्रक्रिया और सरकारी अधिसूचना के बाद ही होगा। यदि योजना लागू होती है तो शहरों से सटे ग्रामीण इलाकों में सड़क, पेयजल, जल निकासी और अन्य शहरी सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा।