रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ITMS कैमरों और ट्रैफिक पुलिस के माध्यम से लगातार ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। अब वाहन मालिकों की सुविधा के लिए रायपुर पुलिस ने ई-चालान की जानकारी और ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए QR कोड की सुविधा शुरू की है।
इस सुविधा के तहत वाहन मालिक अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर अपने वाहन पर जारी ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे। इसके लिए अब उन्हें बार-बार यातायात कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सरकारी कार्यालयों और पेट्रोल पंपों पर लगेंगे QR कोड
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और DCP ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर शहर के सभी यातायात थानों के माध्यम से QR कोड लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इसके तहत सरकारी कार्यालयों, पेट्रोल पंपों, ऑटो डीलर्स, बैंकों और थाना भवनों में QR कोड चस्पा किए जा रहे हैं।

लंबित चालानों का समय पर करें भुगतान
DCP ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहन पर जारी ई-चालान की नियमित जानकारी लेकर समय पर भुगतान करें। ई-चालान जारी होने पर वाहन मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS भी भेजा जाता है, लेकिन जानकारी के अभाव में कई चालान लंबित रह जाते हैं।
पुलिस के अनुसार, इस पहल से ई-चालान का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लंबित मामलों के निराकरण में मदद मिलेगी।
यहां देख सकते हैं ई-चालान की जानकारी
वाहन मालिक आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.nic.in पर जाकर अपने ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी सहायता के लिए यातायात हेल्पलाइन नंबर 9479210632 पर संपर्क किया जा सकता है।

The post RAIPUR NEWS : अब ऑनलाइन ई-चालान भुगतान हुआ आसान, यातायात पुलिस ने जारी किया QR कोड appeared first on Grand News.