CG | Sun, 18 October 2026

No Ad Available

CG NEWS : सात समंदर पार से आया दूल्हा, छत्तीसगढ़ की बेटी से रचाई शादी, सोशल मीडिया पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी

17 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 970 views
CG NEWS : सात समंदर पार से आया दूल्हा, छत्तीसगढ़ की बेटी से रचाई शादी, सोशल मीडिया पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी

जांजगीर-चांपा। CG NEWS : जांजगीर-चांपा जिले में प्यार की एक अनोखी कहानी सामने आई है। पामगढ़ ब्लॉक के छोटे से गांव भुईगांव की बेटी ने नीदरलैंड के युवक के साथ शादी रचाई है। सात समंदर पार से पहुंचे दूल्हे ने कलेक्टोरेट में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अपनी प्रेमिका को जीवनसाथी के रूप में अपना लिया। इस अनोखी शादी की चर्चा अब पूरे जिले में हो रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, नीदरलैंड निवासी 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम और भुईगांव की रहने वाली 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल ने 16 अक्टूबर 2026 को जांजगीर-चांपा कलेक्टोरेट पहुंचकर विवाह की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। अपर कलेक्टर एवं विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता की मौजूदगी में तीन गवाहों के समक्ष विवाह संपन्न कराया गया। इसके बाद विवाह अधिकारी ने विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया।

सोशल मीडिया पर हुई मुलाकात, दोस्ती प्यार में बदली

बताया जा रहा है कि क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए हुई थी। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती चली गई। समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला किया। परिवारों ने भी उनके फैसले का सम्मान किया और शादी का रास्ता आसान हो गया।

तीन गवाहों की मौजूदगी में हुई शादी

विवाह प्रमाण पत्र के अनुसार, वर क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम नीदरलैंड का निवासी है, जबकि वधु क्रिस्टीना नथेनियल भुईगांव, तहसील पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा की रहने वाली हैं। 16 अक्टूबर को दोनों विवाह अधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और तीन गवाहों की मौजूदगी में विवाह संपन्न कराया गया। इसके बाद प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर कर विवाह का दस्तावेज जारी किया गया। क्रिस्टीना के परिवार से हनोक नथेनियल और सोनिया नथेनियल भी गवाह बने।

गांव में खुशी का माहौल

भुईगांव की बेटी की नीदरलैंड के युवक से शादी की खबर सामने आने के बाद गांव में खुशी का माहौल है। लोग नवदंपती को बधाई दे रहे हैं। गांव की बेटी को विदेश से जीवनसाथी मिलने की यह कहानी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।

यह शादी इस बात की मिसाल बन गई है कि प्यार के रिश्ते दूरियों और सरहदों के मोहताज नहीं होते। सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती अब शादी के रिश्ते में बदल गई है और दोनों ने एक साथ नई जिंदगी की शुरुआत की है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.